बिना ऑनलाइन बुकिंग के गैस सिलिंडर बंटने से राहत भी
चंपावत में डिमांड के अनुरूप नहीं हो रही रसोई गैस की सप्लाई
चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर व देवीधुरा के गैस वितरण केंद्रों ने सिलिंडर की डिमांड की
देवभूमि टुडे
चंपावत। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कमी नहीं होने के दावों के बावजूद कई गैस वितरण केंद्रों में मारामारी मची। चंपावत, लोहाघाट व टनकपुर में जबदस्त भीड़ रही। एक अदद सिलिंडर के लिए लंबी कतार के बीच लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन के अधिकारी भी वितरण कार्य में नजर रखे हुए थे। अलबत्ता आज 13 मार्च को बिना ऑनलाइन बुकिंग के गैस सिलिंडर बंटने से राहत भी मिली। गैस सिलिंडर की बुकिंग व डिलीवरी प्रक्रिया में अस्थाई रूप से आंशिक ढील देने का सकारात्मक असर दिखाई दिया।
आज शुक्रवार को जिले की सभी चारों गैस वितरण केंद्रों ने उपभोक्ताओं को मैन्युल बुकिंग से रसाेई गैस उपलब्ध कराई गई। हालांकि सप्लाई पर्याप्त नहीं होने से कई लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पाई। वहीं गैस वितरण केंद्रो का कहना है कि अधिकांश जरूरतमंद उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है।


चंपावत गैस एजेंसी में शुक्रवार को 312 उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराए गए। यहां जरूरत के मुताबिक गैस की उपलब्धता न होने से दिक्कतें आ रही हैं। चंपावत गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक दयाल सिंह रावत ने बताया कि सिलिंडर की 2 गाड़ियों की डिमांड की गई है। चंपावत के अलावा लोहाघाट, टनकपुर और देवीधुरा के गैस वितरण केंद्रों ने भी सिलिंडर की गाड़ियों की डिमांड सितारगंज के प्लांट से की है। इन गाड़ियों के आने से कल 14 मार्च से स्थिति में सुधार होगा। टनकपुर में तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी की देखरेख में गैस वितरित की गई। टनकपुर में 500 से अधिक सिलिंडर बंटे।लोहाघाट और देवीधुरा गैस एजेंसी में भी सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी।
वाणिज्यिक सिलिंडरों की बिक्री पर रोक जारी:
जिले में कामर्शियल सिलिंडरों की बिक्री पर रोक जारी है। पिछले 6 दिन से वाणिज्यिक सिलिंडरों की खेप नहीं आने से व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सिलिंडर नहीं मिल पा रही है। टनकपुर में कामर्शियल सिलिंडरों का स्टाक पहले ही समाप्त हो चुका है। चंपावत में 43, लोहाघाट में 44, देवीधुरा में सबसे अधिक 128 और मां नंदा एजेंसी पाटी में 24 वाणिज्यिक सिलिंडर स्टॉक में रखे गए हैं। जल्द वाणिज्यिक सिलिंडरों की उपलब्धता नहीं होने पर कई व्यापारिक प्रतिष्ठान ईंधन के लिए वैकल्पिक उपाय तलाश रहे हैं।






© 2026. All Rights Reserved.