जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण
गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया जोर
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला क्षेत्र में संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों में तेजी लाने के DM मनीष कुमार ने निर्देश दिए। आज13 मार्च की शाम को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।


DM ने कार्यस्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए सड़क चौड़ीकरण, कटिंग, ढलान संरक्षण, मलबा निस्तारण एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों, गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने, हिल साइड में बैंच कटिंग तथा डाउनसाइड में सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान DM मनीष कुमार ने सड़क पर यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के साथ-साथ यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.