लोहाघाट के धौनी सिलिंग के डकला तोक की वारदात, जंगल जाते वक्त घर के पास किया हमला, साथी महिला के शोरगुल करने पर जंगल की ओर भागा गुलदार, घटना से दहशतजदा ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के धौनी सिलिंग के डकला तोक में गुलदार ने महिला पर हमला कर घायल कर दिया। गनीमत रही कि साथी महिला ने शोर मचाकर और पत्थर फेंक कर गुलदार को भगा दिया। जिससे महिला की जान बच सकी।
आज 22 मार्च की सुबह डकला निवासी गीता देवी (28) पत्नी दिवान राम एक अन्य महिला सीता देवी के साथ चारा पत्ती लेने के लिए जंगल की ओर जा रही थी। घर से कुछ दूर घात लगाए गुलदार ने गीता देवी पर हमला बोल दिया। गुलदार का हमला होते ही साथ में चल रही सीता देवी ने शोरगुल कर गुलदार की ओर पत्थर फेंके, जिससे गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के हमले से मुंह और कंधों पर पंजों के निशान लगने से गीता घायल हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान युगल किशोर धौनी और अन्य लोग महिला को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाए। इलाज कर रहे डॉ. हिमांशु सरन ने बताया कि महिला खतरे से बाहर है। इस हमले के बाद क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी नारायण पांडेय के मुताबिक विभाग की टीम मौके पर भेर्ज गई है। बचाव के उपायों के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इससे पूर्व गुलदार लोहाघाट-बाराकोट क्षेत्र के गांवाें में दो लोगों को मौत के घाट उतार चुका है।
© 2026. All Rights Reserved.