मंदिर के नव निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया
मौसम की खराबी से देवीधुरा नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का कार्य कर रही सरकार
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्री वाराही धाम के नव-निर्मित कार्यों का शुभारंभ होना हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है। मौसम की खराबी से देवीधुरा नहीं पहुंचने पर उन्होंने आज 20 मार्च को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास से श्री वाराही धाम देवीधुरा में आयोजित मंदिर के नव निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मां वाराही का प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का केंद्र रहा है। वाराही धाम में होने वाला बगवाल मेला हमारी वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है। सरकार ने इसे राजकीय मेला भी घोषित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही मंदिर का नव-निर्माण मंदिर को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा। यह धाम आस्था के साथ विकास और
समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा। कहा कि प्रदेश में स्थित चारधाम, शक्तिपीठ, सिद्धपीठ और अन्य मंदिर, हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के जीवंत प्रतीक हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का कार्य भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप प्रदान करने का काम कर रही है। सरकार देवभूमि की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का काम आगे भी जारी रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का कार्य कर रही है। केदारखंड के साथ ही मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। कहा कि चंपावत के बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर मंदिर और मां रणकोची मंदिर, मां पूर्णागिरी मंदिर का भी पुनर्विकास किया जा रहा है।
CM ने कहा कि चंपावत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है। 430 करोड़ रुपये से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विकास के अनेकों कार्यों का उल्लेख भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग का सुधार कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। CM ने कहा कि सरकार का प्रयास विकास को समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का है।
प्रमुख रूप से मौजूद थे ये लोग:
श्री वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, नरेंद्र सिंह लडवाल, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र पांडेय, राजू गड़कोटी, राजू बिष्ट, गौरव पांडेय आदि।
© 2026. All Rights Reserved.