Monday Apr 6, 2026

चंपावत जिले में 77 माध्यमिक एवं 142 प्राथमिक विद्यालयों के नाम हुई जमीन

DM मनीष कुमार के निर्देश पर चल रहा है 'अपना स्कूल अपनी जमीन' अभियान

देवभूमि टुडे

चंपावत। जिले में संचालित अपना स्कूल अपनी जमीन अभियान के तहत माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत कुल 105 विद्यालयों में से 77 विद्यालयों की जमीन की रजिस्ट्री व दाननामा के साथ दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूर्ण कराई जा चुकी है। इनमें विकासखंड बाराकोट के 15, पाटी के 24, लोहाघाट के 14 और चंपावत के 24 विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 20 माध्यमिक विद्यालयों के प्रकरणों का तहसील स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही 142 प्राथमिक विद्यालयों को भी अपनी जमीन मिल चुकी है।           

DM मनीष कुमार।

प्रभारी मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि जिले में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित कुल 646 विद्यालयों की भूमि के स्वामित्व निर्धारण हेतु राजस्व एवं शिक्षा विभाग के बीच समंवित प्रयास किए जा रहे हैं। कुल 541 प्राथमिक विद्यालयों में से 142 विद्यालयों के पास पूर्ण रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 156 विद्यालयों में रजिस्ट्री व दाननामा उपलब्ध है, जिनके दाखिल-खारिज की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 125 विद्यालयों के प्रकरण तहसील स्तर पर नोटिस के माध्यम से अग्रसारित किए गए हैं।

DM मनीष कुमार ने बताया कि तहसील स्तर पर चल रही परीक्षण एवं वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का प्रत्येक विद्यालय स्वयं की भूमि पर सुरक्षित एवं गौरवपूर्ण रूप से स्थापित हो सके। उन्होंने सभी SDM, तहसीलदारों एवं शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की गति को बनाए रखते हुए समयबद्ध रूप से सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें। अभियान का उद्देश्य विद्यालयों को अतिक्रमण से सुरक्षित रखना, भूमि विवादों को समाप्त करना और हर विद्यालय को स्पष्ट कानूनी स्वामित्व प्रदान करना है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.