चंपावत गैस केंद्र प्रबंधक की संदिग्ध मौत के बाद चंपावत जिले की चारों एजेंसी में वितरित नहीं होंगे सिलिंडर
गैस वितरण में दबाव में प्रबंधक दयाल सिंह रावत की जान देने का अंदेशा
देवभूमि टुडे
चंपावत। कुमाऊं मंडल विकास निगम के चंपावत गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक दयाल सिंह रावत की मौत के बाद शोक में आज 6 अप्रैल को चंपावत जिले के किसी भी गैस एजेंसी में सिलिंडरों का वितरण नहीं होगा। कहा जा रहा है काम के अत्यधिक दबाव की वजह से उनकी मौत हो सकती है।

चंपावत गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक दयाल सिंह रावत की कल 5 अप्रैल की शाम संदिग्ध परिस्थितिय में मौत हो गई थी। गैस वितरण केंद्र के एक कर्मी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि कुमाऊं मंडल विकास निगम की गैस एजेंसी प्रबंधक दयाल सिंह रावत ने ये कदम गैस वितरण में दबाव से आहत होकर उठाया हो सकता है। कल 5 अप्रैल को रावत रविवार की छुट्टी के बाद भी वितरण केंद्र आए थे, लेकिन घर जाने के कुछ देर बाद शाम को उनकी मौत की खबर आई। 55 साल के रावत ऋषिकेश के रहने वाले थे और वे यहां अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। उनके दो बेटे हैं और दोनों सेवारत हैं। एकाएक हुए इस वाकये से परिवार में कोहराम मच गया।
शव को मोर्चरी में रखा गया है। चंपावत वितरण केंद्र के कर्मियों के अलावा टनकपुर गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक गोविंद आर्य, लोहाघाट के उमेश सिंह बिष्ट और देवीधुरा के प्रबंधक अशोक कुमार भी चंपावत मोर्चरी में है। शोक में आज 6 अप्रैल को गैस सिलिंडरों के वितरण का काम स्थगित रहेगा।
© 2026. All Rights Reserved.