बाराकोट के मऊ चौमेल की घटना
गुलदार ने खेत में गेहूं काटने गई ज्योति के गले और मुंह पर हमला कर गंभीर रूप से घायल किया
उप जिला अस्पताल पहुंचे DM ने कहा कि घायल को उत्कृष्ट इलाज और प्रभावित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी
देवभूमि टुडे
चंपावत/ बाराकोट/लोहाघाट। गुलदार का खौफ फिर से सिर उठा रहा है। आज 15 अप्रैल को बाराकोट के मऊ चौमेल में तेंदुए ने एक छात्रा पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। लोहाघाट उप जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जख्मी छात्रा को हायर सेंटर रेफर कर दिया। DM मनीष कुमार ने भी उप जिला अस्पताल पहुंच जख्मी छात्रा का हालचाल जाना।

आज 15 अप्रैल को मऊ चौमेल में शाम के वक्त इंटर की छात्रा ज्योति अधिकारी (17) पुत्री कल्याण सिंह अधिकारी पास के खेत में गेहूं काटने गई थी। तभी गुलदार ने घात लगाकर ज्योति पर हमला कर दिया। गुलदार ने ज्योति के गले और मुंह में हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन आनन-फानन में ज्योति को लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले गए। चिकित्साधीक्षक विराज राठी ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद ज्योति को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना मिलने पर DM मनीष कुमार, SDM नीतू डांगर, DDMO देवेंद्र पटवाल सहित कई अधिकारी उप जिला अस्पताल पहुंचे। DM ने कहा कि प्रभावित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। साथ ही उन्होंने वन विभाग को पिंजरा लगाने के निर्देश दिए हैं।
© 2026. All Rights Reserved.