कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी ने लगाया दुरुपयोग का आरोप
जांच और कार्रवाई की मांग की
भाजपा ने दुरुपयोग के आरोपों को खारिज किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। कांग्रेस ने CMDRF (मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष) के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मई 2022 के उप चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ चंपावत सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं पूर्व दर्जा मंत्री निर्मला गहतोड़ी ने कहा कि इस कोष को जरूरतमंदों से ज्यादा पार्टी से जुड़े अनेकों लोगों और उनके रिश्तेदारों पर खर्च किया गया है। उन्होंने वितरित की गई विवेकाधीन कोष को सार्वजनिक करने के साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं भाजपा ने दुरुपयोग के आरोपों को गलत बताते हुए खारिज किया है।
कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष और AICC की पूर्व सदस्य निर्मला गहतोड़ी ने विवेकाधीन कोष के दुरुपयोग को गंभीर बताया। कहा कि जिस तरह से विवेकाधीन कोष बंटा है, लगता है कि यह विवेकाधीन नहीं, भाजपा का कोष बन गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। पिछले कुछ दिनों से RTI के हवाले से इस तरह के दावे किए जा रहे हैं कि CMDRF में दुरुपयोग हुआ है। इन आरोपों के आने के बाद आज 5 अप्रैल को कांग्रेस ने ये हमला बोला है।

आरोप झूठे, कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके: भाजपा
चंपावत। भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष के दुरुपयोग के कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि इस कोष में जो भी राशि दी गई है, नियमों के तहत दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार के दौरान विवेकाधीन कोष का जमकर दुरुपयोग हुआ है। कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है।

© 2026. All Rights Reserved.