जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में समस्याओं और सुझाओं पर हुआ मंथन
डीएम ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
देवभूमि टुडे
चंपावत। जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिजनों से संबंधित समस्याओं, उन्हें मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की गई। DM मनीष कुमार ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सैनिक अथवा उनके परिवार को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

बैठक में बताया गया कि शहीद कैप्टन उमेद सिंह महरा, अशोक चक्र (मरणोपरांत) के गांव में शहीद द्वार निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा लोहाघाट स्थित अमर जवान स्मारक के सौंदर्यीकरण सुंदरीकरण हेतु 10.98 लाख की राशि से काम शुरू कर दिया गया है। उच्चतर महाविद्यालय, लोहाघाट के समीप बलिदानी लैफ्टिनेंट जगदीश चंद्र राय की प्रतिम स्थापना के संबंध में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया कि बैटल कैजुअल्टी प्रमाणपत्र के लिए जरूरी कार्यवाही प्रगति पर है।
ग्राम मजपीपल निवासी पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह की पेयजल समस्या पर जल संस्थान ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदलकर नई लाइन बिछा दी है। साथ ही निगरानी के लिए चौकीदार की नियुक्ति भी कर दी गई है। इसी प्रकार ग्राम खूनाबोरा के पूर्व सैनिक सूबेदार बहादुर सिंह की सोलर लाइट की मांग पर उरेडा ने सोलर लाइट स्थापित कर दी है। बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उमेद सिंह, प्रभारी CEO मान सिंह, लोनिवि के EE मोहन चंद्र पलड़िया, लोहाघाट खंड के EE हितेश कांडपाल, ग्रामीण निर्माण विभाग के EE बृजमोहन आर्या आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.