Monday Apr 6, 2026

चंपावत के छतकोट ग्राम पंचायत का अनूठा प्रयोग

महिला पात्रों का किरदार निभा रहीं महिलाएं, पुरुष पात्रों का अभिनय कर रहें पुरुष

पिछले साल जुलाई में पहली बार निर्वाचित ग्राम प्रधान रेखा बोहरा की प्रगतिशील एवं समानतावादी सोच को क्षेत्र के लोगों का मिल रहा साथ

देवभूमि टुडे

चंपावत/छतकोट। चंपावत से करीब 27 किलोमीटर दूर का छोटा गांव है छतकोट। इन दिनों रामलीला का आयोजन कर रहा यह गांव अनूठे प्रयोग के लिए चर्चा में है। लीला में पुरुष पात्रों के साथ ही महिला किरदारों की भी बराबर भूमिका है। महिला पात्रों का किरदार महिलाएं निभा रही हैं। जबकि पुरुष पात्रों का अभिनय पुरुष कर रहे हैं। महिला ग्राम प्रधान रेखा बोहरा के प्रयास से लीला का ऐसा स्वरूप चंपावत जिले ही नहीं, समूचे उत्तराखंड में भी पहली बार सामने आया है।

छतकोट रामलीला मंचन का नजारा।

छतकोट में राम नवमी (27 मार्च) से रामलीला का आयोजन किया गया है। लीला 11 अप्रैल तक चलेगी। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक बोहरा बताते हैं कि लीला में महिला और पुरुष साथ-साथ अभिनय कर सही मायने में महिला-पुरुष समानता का संदेश भी दे रहे हैं। पिछले साल जुलाई में पहली बार निर्वाचित ग्राम प्रधान की इस प्रगतिशील एवं समानतावादी सोच को क्षेत्र के लोगों का भी साथ मिल रहा है। आदर्श रामलीला कमेटी छतकोट, व्यापार मंडल, तल्लापाल क्षेत्र के लोगों के अलावा इलाके के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा आयोजन में हाथ बंटा रहे हैं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.