Saturday Mar 28, 2026

गुमदेश क्षेत्र के चमदेवल के चौखामा बाबा चमू देवता मंदिर में मेले के

पहले दिन 6 गांवों से चमू देवता का जयकारा लगाते हुए पहुंचे जत्थे

देवभूमि टुडे

चंपावत/गुमदेश। नेपाल सीमा से लगे गुमदेश क्षेत्र के चमदेवल के चौखाम बाबा चमू देवता मंदिर में 3 दिवसीय चैतोला मुख्य मेले शुरू हो गया है। मेले का शुभारंभ ढोल नगाड़ों के साथ हुई पूजा-अर्चना के साथ हुआ। चमू देवता मंदिर में पंडित भास्कर पांडेय और पंडित अनुराग पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान व पूजा-अर्चना कराई।

पुरोहित शंकर दत्त पांडेय, मेला समिति के अध्यक्ष खुशाल सिंह धौनी ने बताया कि मेले के पहले दिन 6 गांवों से चमू देवता का जयकारा लगाते हुए पहुंचे जत्थों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। चमू देवता के धामी राहुल सिंह, लाटेश्वर लाटा, जोगा सिंह, भरगड़ा के तारा सिंह, रुद्र देवता के देव डांगर लक्ष्मण सिंह पुजारी ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। 

आज 27 मार्च को दोपहर में त्यूरी बरगोली, मड़, धौनी शिलिंग, जिंडी, बसकुनी, न्योलटुकरा, जाख, सिरकोट, चौपता गांवों से जत्थे पहुंचे। परंपरा के अनुसार जत्थों ने चमू मंदिर की परिक्रमा की। देर शाम पूजा-अर्चना के बाद चमू देवता के खाली डोले को मड़ गांव ले जाया गया। मड़ गांव में रात्रि जागरण भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कल शनिवार को डोले को मड़ से रथ में सवार होकर धामी सवार होकर रस्सों के सहारे चमू मंदिर लाया जाएगा। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अलावा चंपावत जिले के अन्य हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह ढेक और भाजपा नेता सतीश पांडेय ने चमू देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर खुशहाली की कामना की। इस दौरान राजू धौनी, महेंद्र प्रताप, रामू धौनी, मान सिंह, मदन कलौनी, खीमराज धौनी, युगल धौनी, कृष्ण सिंह धौनी, विशाल धौनी, नरसिंह धौनी, हीरा सिंह मौजूद थे।

चेतौला मेला।

खाली डोले को ले जाया गया मड़ गांव:

चेतौला मेले का मुख्य आकर्षण मड़ गांव से आने वाला चमू देवता का डोला होगा। इससे पूर्व 12 गांवों के जत्थे आकर्षक परिधानों व ढोल नगाड़ों के साथ मंदिर की परिक्रमा करेंगे। जत्थों में सैंकड़ों लोग शामिल होंगे। क्षेत्रवासी इन दिनों खानपान में पूरी शुद्धता बरत कर पूजा-अर्चना में लगे हुए हैं। देश के विभिन्न प्रांतों एवं विदेश में रह रहे यहां के लोग मेले में शिरकत होने के लिए पहुंच गए हैं। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस, एसएसबी के जवान तैनात किए गए है।

विदेशों से चैतोला मेले में पहुंचे प्रवासी:

पुरोहित शंकर दत्त पांडे ने बताया चौपता गांव निवासी लंदन से कल्याण सिंह धौनी, मडगांव के कमल सिंह, ओमान से गणेश पुजारी, डकला गांव निवासी हाल निवासी दिल्ली कर्नल मदन नाथ गोस्वामी चैतोला मेले में दर्शन के लिए सपरिवार पहुंचे हुए हैं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.