आपदा में क्षतिग्रस्त नायकगोठ-थ्वालखेड़ा पुल के निचले हिस्से की मरम्मत नहीं होने से परेशान हैं लोग
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के नायकगोठ-थ्वालखेड़ा पुल के निचले हिस्से में आपदा से क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग की 4 माह बाद भी मरम्मत नहीं हो सकी है। परेशान ग्रामीणों ने आज 31 जनवरी को प्रदर्शन कर क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने की मांग की है। पिछले साल के मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग की मरम्मत नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि किरोड़ा नाले में पानी नहीं होने से ग्रामीण इन दिनों शॉर्ट-कट रास्ता अपना रहे हैं। बरसात में नाले में पानी बढ़ने पर यह रास्ता भी बंद हो जाएगा। ग्रामीणों ने किरोड़ा नाले के पास प्रदर्शन कर शीघ्र क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत करने की मांग की। कहा कि मार्ग शीघ्र ठीक नहीं होने पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
ग्रामीणों ने कहा कि हनुमानगढ़ी से थ्वालखेड़ा गांव जाने वाले मार्ग की हालत इस कदर खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन पत्थरों की वजह से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। विगत दिनों स्कूल की बस पलटने से बच गई। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से रोज 5 हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। सामाजिक कार्यकर्ता विपिन जोशी ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार सिंचाई विभाग को बताया गया है, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शन करने वालों में अमन ठाकुर, प्रदीप सिंह, विकास सिंह, दीपक सिंह, जीत सिंह, पंकज सिंह आदि शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.