मां भगवती की रथ यात्रा निकाली गई
तीन दिवसीय महोत्सव संपन्न
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। सतचुली महोत्सव के दौरान आज 2 अप्रैल को मां भगवती की रथ यात्रा निकाली गई। रथ में भगवती के साथ महाकाली के अवतार भी सवार थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके साथ ही तीन दिवसीय महोत्सव संपन्न हुआ।
खतेड़ा गांव से सतचुली मंदिर में सुबह मुख्य पुजारी दयानंद चिल्कोटी ने विशेष पूजन-अर्चना की। दोपहर बाद भगवती भंडार में सभी देव डांगरों की गद्दी लगाई गई। जहां महिलाओं ने देव डांगरों का सिर पूजन, आरती एवं देव स्तुति की। देवताओं ने अवतरित होकर सभी को आशीर्वाद दिया। देवस्थली खतेड़ा में विभिन्न देवडांगरों को देवताओं के वस्त्र रानी-बानी पहनाई गई। देवताओं ने अवतरित होकर धूनी की परिक्रमा की। इसके बाद देवस्थली से मां भगवती की डोला यात्रा शुरू हुई। रथ में सवार मां भगवती के देव डांगर दलीप सिंह, मां कालिका के चंद्रकांत चिलकोटी ने चंवर झुलाकर भक्तों को आशीर्वाद दिया। रथ के आगे चल रहे वीरों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। रथ के पीछे पीछे चल रही महिलाएं वीर रस पर आधारित मंगल गीतों का गायन किया।
मल्ला व तल्ला खतेड़ा, कनेड़ी, काफली, नसखोला, कोट, बसान, सक्टा गांव, नाकोट, गंगनौला, किमतोली, ढोरजा, मड़ चमार आदि गांवों के लोगों ने रथ को कंधा दिया। देवी रथ के दर्शनों के लिए दूर गुमदेश क्षेत्र लोहाघाट, चौमेल आदि जगहों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। देवी रथ के मंदिर में पहुंचने पर पूरा मंदिर परिसर मां भगवती एवं मां काली के जयकारों से गूंज उठा देवीरथ के मंदिर की परिक्रमा के साथ रथयात्रा का विसर्जन हुआ।
विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मेले में जमकर खरीदारी की। महोत्सव समिति संरक्षक डॉ. सुधाकर जोशी और महोत्सव समिति महेंद्र सिंह बोहरा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान नारायण सिंह रावत, खड़क सिंह बोहरा, हरीश सिंह, भुवन चिल्कोटी, हयात सिंह, रमेश सिंह, नाथ सिंह, नरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, मनोज सिंह, पंकज चिल्कोटी, विपिन मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.