चंपावत जिले में 4 अप्रैल से बिगड़ा है मौसम, तापमान में भी गिरावट
पहाड़ के लिए बारिश फायदेमंद मगर मैदान में गेहूं की मढ़ाई पर पड़ रहा असर
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में 4 अप्रैल से मौसम ने करवट ली है। चंपावत में आज पांचवें दिन लगातार बारिश हुई। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हो रही है। बारिश से मैदान में गर्मी से निजात, तो पहाड़ में ठंड में इजाफा हो रहा है। पहाड़ के लिए बारिश फायदेमंद मगर मैदान में गेहूं की मढ़ाई पर असर पड़ रहा है। मौसम की खराबी का असर कई बार बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। बीते 24 घंटों में चंपावत जिले में सबसे ज्यादा बारिश चंपावत में हुई।
बारिश पहाड़ के लिए फायदेमंद है, तो मैदान में गेहूं की खड़ी फसल या कटी फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। तपिश कम हुई और पारा भी लुढ़क गया। आज चंपावत का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार और जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्र में यह बारिश खेती-बागवानी के लिए लाभादायक है। वहीं जल संरक्षण और जंगल को आग से बचाने के लिहाज से भी यह बारिश उपयोगी रही। वैसे चंपावत में 5 अप्रैल से अब तक कुल 27 मिलीमीटर बारिश हुई। टनकपुर में इस अवधि में 22.40, पाटी में 13 मिलीमीटर, बनबसा में 7 मिलीमीटर और लोहाघाट में 5.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
चंपावत जिले में बीते 24 घंटों में (सुबह 8 बजे तक) हुई बारिश:
चंपावत: 14.50 मिलीमीटर।
लोहाघाट: :4.50 मिलीमीटर।
पाटी: 1.00 मिलीमीटर।
बनबसा: 4.00 मिलीमीटर।
टनकपुर: 4.00 मिलीमीटर।
© 2026. All Rights Reserved.