Thursday Apr 30, 2026

चंपावत में भोजन की तलाश में जंगल से भटका काकड़ का शावक सभासद पूजा वर्मा के आवासीय परिसर में पहुंचा

वन विभाग ने इलाज करने के बाद हिंगलादेवी के जंगल छोड़ा

देवभूमि टुडे

चंपावत। आज 29 अप्रैल के पूर्वान्ह काकड़ के एक शावक ने जंगल से भटक कर शहरी क्षेत्र में दस्तक दे दी। शावक चंपावत नगर पालिका की सभासद पूजा वर्मा एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सनी वर्मा के आवासीय परिसर में पहुंच गया। वह यहां सुरक्षा के मद्देनजर लगी फेंसिंग में उलझ गया। वर्मा की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शावक को वापस जंगल छोड़ा।

काकड़ का रेस्क्यू करते वन कर्मी।

सनी वर्मा ने बताया कि आज बुधवार सुबह एक काकड़ का शावक उनके आवासीय परिसर में लगी फेंसिंग में उलझ गया। यह फेंसिंग मुख्य रूप से कुत्तों और अन्य जानवरों से बचाव के लिए लगाई गई है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काकड़ का रेस्क्यू किया। उसे हिंगला देवी के जंगल में छोड़ दिया गया। उप वन क्षेत्राधिकारी चतुर सिंह के मुताबिक काकड़ हिंगला देवी के जंगल से भोजन की तलाश में ढलान पर खर्ककार्की क्षेत्र तक पहुंचा होगा। बताया कि काकड़ की उम्र करीब 1 साल है। जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम में वन बीट अधिकारी सौरभ पांडे, बलवंत भंडारी, आदित्य चौधरी, दिनेश आदि शामिल थे। काकड़ एक छोटा जंगली हिरण है, जिसे भौंकने वाले हिरण या बार्किंग डियर भी कहा जाता है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.