Friday Feb 6, 2026

DM मनीष कुमार के बाल विकास विभाग कार्यालय के औचक मुआयना में मिले ऐसे हाल

खामियां पाए जाने पर जताई नाराजगी, कार्मिकों को लगाई फटकार एवं अधिकारियों को कमियां जल्द दूर करने की दी हिदायत

कार्यालय समय में गुटखा सेवन करते मिले कर्मी को चेतावनी दी

देवभूमि टुडे

चंपावत। कक्षों में बिखरी सामग्री, बेतरतीब अभिलेख, जगह-जगह फैले बिजली के तार, कर्मियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की कमी, कक्षों की छत में सीलन एवं दीवारों कं जर्जर हाल। ये तस्वीर थी आदर्श जिले के एक जिला कार्यालय की। DM मनीष कुमार ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय एवं विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय का जब आज 5 फरवरी को औचक निरीक्षण किया, तो ये स्थिति मिली।

उन्होंने विभागीय कार्यों एवं संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्यालय व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर नाराजगी जताई, कार्मिकों को फटकार लगाई एवं अधिकारियों को कमियां जल्द दूर करने की हिदायत दी।

DPO कार्यालय का निरीक्षण करते DM मनीष कुमार।

 

निरीक्षण के दौरान DM मनीष कुमार ने पटलवार कार्मिकों से विभागीय कार्यों और योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। कई अभिलेखों एवं रजिस्टरों की भी जांच की। कहा कि सभी कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे और बायोमैट्रिक सिस्टम से अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने कार्यालय अध्यक्ष को प्रतिदिन उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालय सामग्री एवं अभिलेख सुव्यवस्थित रखने, कर्मचारियों के बैठने हेतु फर्नीचर की व्यवस्था करने, अव्यवस्थित विद्युत तारों को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित करने और कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षों की जरूरी मरम्मत, रंग-रोगन एवं रखरखाव कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान एक कार्मिक को कार्यालय समय में गुटखा सेवन करते पाया गया। जिस पर DM ने चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, नंदा गौरा योजना तथा पालना केंद्र संचालन की प्रगति की जानकारी भी ली।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.