Sunday Mar 1, 2026

रोडवेज बस लोहाघाट से 480 किमी दूर पोंटा साहिब जा रही थी बस

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलखेत के पास की घटना

गुरुग्राम जा रही बस से यात्रियों को रवाना कराया

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। रोडवेज की लोहाघाट से 480 किमी दूर पोंटा साहिब जा रही बस में आज 15 फरवरी को एकाएक धुआं निकला। बस के इंजन से धुआं उठने के साथ आग की लपटें निकलने लगी। बस में धुएं और आग की आहट से हड़कंप मच गया। बहरहाल चालक की सूझबूझ से हाटल टल गया। सभी मुसाफिरों को दूसरे वाहन से टनकपुर की ओर रवाना किया गया।

जानकारी के मुताबिक लोहाघाट से पोंटा साहिब जा रही रोडवेज की बस (यूके-07-4218) के इंजन से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलखेत के पास अचानक धुआं उठने लगा। धुएं के साथ ही आग की लपटें भी निकलने लगी। इससे यात्री सकते में आ गए और आननफानन में बस से बाहर आए। खतरे को भांप फौरन ड्राइवर ने कैलाश चंद्र जोशी ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और पानी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके चलते कुछ देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। बाद में कंडक्टर गिरीश धामी ने गुरुग्राम जा रही बस से यात्रियों को रवाना कराया।

फोन नहीं उठा रहे रोडवेज अधिकारी:

रोडवेज की खटारा बसों की तरह ही रोडवेज के अधिकारी भी गैर जिम्मेदार बने हुए हैं। लोहाघाट के सहायक मंडलीय प्रबंधक धीरज वर्मा और टनकपुर के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल से इस संबंध में बस और पूरे वाकये की जानकारी के लिए फोन किया, लेकिन दोनों अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ।

 

पहले भी लोहाघाट की बस में लग चुकी है आग:

रोडवेज के लोहाघाट डिपो की बस में आग के खतरे की यह पहली घटना नहीं है। इससे करीब दो माह पूर्व भी देहरादून के पास लोहाघाट डिपो की बस में आग लग चुकी है।

वहीं 19 जनवरी को काशीपुर जा रही लोहाघाट डिपो की बस (यूके 07 ए 2915) का स्टेशन के पास ब्रेक फेल हो गया था। तब बड़ा हादसा बाल-बाल बचा था। 

इसके अलावा कल 14 फरवरी को पोंटा साहिब से लोहाघाट जा रही बस (यूके 07 ए 2919) मानेश्वर के पास खराब हो गई थी।

34 में से 11 बसें पूरा कर चुकीं मानक

यानी रोडवेज की कई बसें कभी तकनीकी खामी या कभी दूसरे कारणों से यात्रियों को बीच मंझधार में अटका रही हैं। इसके लिए परिवहन निगम के बस बेड़े को बढ़ाना बेहद जरूरी है। साथ ही रोडवेज के वर्कशॉप में कार्मिकों के खाली पदों को भरने को प्राथमिकता देनी होगी। बसों के उपकरणों की उपलब्धता भी आवश्यक है। वैसे रोडवेज के लोहाघाट डिपो के कुल 34 बस बेड़े में से 11 ऐसी हैं, जो निश्चित दूरी तय कर चुकी हैं।

14 फरवरी को पोंटा साहिब से लोहाघाट जा रही यह बस मानेश्वर के पास खराब हो गई थी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.