'महोत्सव सांस्कृतिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य, मातृशक्ति के सामर्थ्य , युवाओं के उत्साह और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का जीवंत उत्सव'
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा विश्व मंच विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला जारी
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के रावत फार्म में 7 दिनी सरस कॉर्बेट महोत्सव आज 18 फरवरी को शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वर्चुअल माध्यम से महोत्सव का शुभारंभ किया। कहा कि इतिहास, अध्यात्म
और संस्कृति की धरोहर चंपावत में होने वाला सरस कॉर्बेट महोत्सव सिर्फ 7 दिन का आयोजन नही हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य, मातृशक्ति के सामर्थ्य, युवाओं के उत्साह और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का जीवंत उत्सव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व समीप है और काली कुमाऊं की होली विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के कारण पूरे देश में अलग स्थान रखती है।
महोत्सव को शीतकालीन कॉर्बेट महोत्सव के रूप में भी आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को नई गति मिलेगी। सीएम ने कहा कि महोत्सव के अंतर्गत पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, हॉट एयर बलून, राफ्टिंग, पैरामोटरिंग, पक्षी अवलोकन और ट्रैकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के जरिए चंपावत को राष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कहा कि सरस महोत्सव विविधताभरी संस्कृति और व्यापारिक हुनर का समागम है। इससे युवाओं और महिलाओं को मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मधुबनी चित्रकला एवं आधुनिक कला कार्यशालाएं, क्विज प्रतियोगिता, विज्ञान प्रदर्शनी, लोक संस्कृति कार्यक्रम और जागरूकता कार्यशालाएं महोत्सव को बहुआयामी स्वरूप प्रदान करेंगी। साथ ही आयोजित खाद्य उत्सव पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान देगा। स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों का यह संगम नई पीढ़ी को अपनी खाद्य संस्कृति से परिचित कराने के साथ स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन VOCAL FOR LOCAL की भावना को सशक्त करते हुए LOCAL FOR GLOBAL का मार्ग प्रशस्त करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत जिले को आदर्श एवं श्रेष्ठ जिला बनाने के उद्देश्य से अनेक विकासपरक परियोजनाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला भी जारी की।
© 2026. All Rights Reserved.