औषधि निरीक्षक हर्षिता ने केंद्रीय औषधि भंडार का निरीक्षण किया
विभिन्न जीवन रक्षक औषधियों के उचित रखरखाव और दवाओं से संबंधित क्रय बिलों की जांच भी की
देवभूमि टुडे
चंपावत। दवाओं की गुणवत्ता को जांचने के लिए CMO कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार (Central Drug Store) से विभिन्न दवाओं के 10 नमूने लिए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए रुद्रपुर की राजकीय विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अपर आयुक्त और DM मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में कल शुक्रवार को चंपावत में औषधियों की गुणवत्ता और उनके सुरक्षित भंडारण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया।


चंपावत की औषधि निरीक्षक हर्षिता ने केंद्रीय औषधि भंडार का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति होने वाली दवाओं की शुद्धता और उनके रखरखाव के मानकों को परखना रहा। औषधि निरीक्षक हर्षिता ने स्टोर में भंडारित विभिन्न जीवन रक्षक औषधियों के उचित रखरखाव और दवाओं से संबंधित क्रय बिलों की जांच की। उन्होंने औषधियों को उनके निर्धारित तापमान पर ही भंडारित करने के मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देश दिए। साथ ही स्टोर परिसर में साफ़-सफाई का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
औषधि निरीक्षक ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी भी औषधि की गुणवत्ता या पैकिंग को लेकर कोई शक-सुबहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल औषधि नियंत्रण विभाग को दें।
© 2026. All Rights Reserved.