चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में भाला लगने से 18 अप्रैल को राजकीय पॉलीटेक्रिक के छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा की मौत हो गई थी
इकलौते बेटे थे मछियाड़ क्षेत्र के 19 साल के सोमेंद्र सिंह
देवभूमि टुडे
चंपावत/रीठा साहिब। चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में भाला लगने से जान गंवाने वाले छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा का आज अंतिम संस्कार हो गया। गमगीन माहौल में आज 19 अप्रैल को पैतृक गांव मछियाड़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में जन प्रतिनिधियों के अलावा डीएम मनीष कुमार भी मौजूद थे।
चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में कल 18 अप्रैल को चंपावत राजकीय पॉलीटेक्रिक के चौथे सेमेस्टर के छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा (19) की कल भाला लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी। गुजरात की एक निजी कंपनी में नौकरी करने वाले भोपाल सिंह बोहरा आज सुबह मछियाड़ पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद सोमेंद्र सिंह बोहरा का अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार में जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला बोहरा, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद बड़ेला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

परिजनों को दी जाएगी हर मुमकिन मदद: DM
चंपावत। DM मनीष कुमार ने मृतकाश्रित परिजनों को हर मुमकिन मदद का भरोसा दिलाया है। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि मृतकाश्रित परिवार को राहत कोष से 5 लाख रुपये की संस्तुति की गई है। सोमेंद्र सिंह बोहरा के पिता भोपाल सिंह बोहरा को चंपावत जिले में ही उनकी पात्रता के मद्देनजर नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आवास दिलाने में मदद की जाएगी। इसके अलावा सोमेंद्र की मां दीपा बोहरा की बीमारी के इलाज के लिए मदद की जाएगी। सोमेंद्र की बहनों का श्रम कार्ड बनाया जाएगा।
© 2026. All Rights Reserved.