तीर्थयात्रियों के साथ शिष्ट आचरण से और निर्धारित किराया लेने के भी निर्देश दिए गए
परिवहन विभाग ने चालकों, मालिकों व टैक्सी यूनियन पदाधिकारों संग की बैठक
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। 27 फरवरी से शुरू होने वाले मां पूर्णागिरि मेले में यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने को लेकर टैक्सी परिवहन विभाग ने टैक्सी यूनियन, वाहन स्वामियों एवं चालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में मेला अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन, निर्धारित रूट, पार्किंग व्यवस्था, ओवरलोडिंग से बचाव, अनुशासित वाहन संचालन तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर चर्चा की गई। ARTO (प्रशासन) सुरेंद्र कुमार एवं ARTO (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया ने चालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वाहन चालकों से मेला अवधि में यात्रियों से शिष्टता से पेश आने और विभाग का सहयोग करने की अपील की।




बताया गया कि पूर्णागिरि मेला अवधि में वाहन संचालन के लिए सभी वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। टैक्सी यूनियनों को निर्देशित किया गया कि वे सभी वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन कराते हुए 3 दिन के भीतर सत्यापित चालकों एवं वाहनों की सूची कार्यालय में उपलब्ध कराएं। चालकों से तीर्थयात्रियों के साथ शिष्ट आचरण से पेश आने और निर्धारित किराए से अधिक नहीं लेने के भी निर्देश दिए गए।
बाद में ARTO कार्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। सभी चालकों एवं स्टाफ कर्मियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। इस अवसर पर परिवहन उप निरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, आरक्षी महेंद्र पाल, नीरज कुमार, किशन कुमार आर्य सहित परिवहन विभाग के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.