Friday Apr 17, 2026

फार्मेसी अधिकारियों ने चंपावत में काला फीता बांध शुरू किया विरोध

चारधाम यात्रा मार्ग में ड्यूटी करने वाले कुमाऊं के फार्मेसी अधिकारियों के विगत वर्षों के

करीब 20 लाख के यात्रा भत्तों का भुगतान नहीं हुआ, यात्रा मार्ग में सेवा देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था भी दयनीय

देवभूमि टुडे

चंपावत। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड (राजकीय फार्मेसी सेवा संघ उत्तराखंड ) के कुमाऊं मंडल की घोषणा के अनुरूप चंपावत जिले में भी फार्मेसी अधिकारियों ने मांगों को लेकर मोर्चा खोला है। जिले के तमाम फार्मेसी अधिकारियों ने कार्यस्थल पर बांह में काला फीता बांधकर  विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया है। काला फीता बांध 15 अप्रैल से शुरू यह विरोध 25 अप्रैल तक चलेगा।

बकाये भत्ते और खराब व्यवस्थाओं पर आक्रोश

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी एवं जिला मंत्री रोशन लाल का कहना है कि विगत वर्षों में चारधाम यात्रा मार्ग में ड्यूटी करने वाले कुमाऊं मंडल के फार्मेसी अधिकारियों के करीब 20 लाख रुपये की राशि के यात्रा भत्तों का भुगतान अभी तक लटके हैं। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग में सेवा देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था भी बेहद दयनीय है। 

काला फीता बांध विरोध जताते फार्मेसी अधिकारी।

संगठन ने इससे पूर्व 20 मार्च को इस संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। कहा गया कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन उग्र होगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस आंदोलनात्मक कार्यक्रम के कारण लोगों को कोई असुविधा होती है, तो इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। फिलहाल चंपावत के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में फार्मेसी अधिकारी काला फीता बांधकर नाराजगी जता रहे हैं।

इस तरह से होगा आंदोलन:

15 से 25 अप्रैल: कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर विरोध। (सेवाएं सुचारु रहेंगी)  

26 अप्रैल से 3 मई: काला फीता बांधने के साथ-साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन।  

4 मई से 14 मई: रोज सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का पूर्ण कार्य बहिष्कार।

15 मई से: चारधाम यात्रा ड्यूटी का पूर्ण बहिष्कार ।

काला फीता बांध विरोध जताते फार्मेसी अधिकारी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.