चंपावत में एक छत के नीचे पार्किंग, मार्केट कांप्लेक्स, बारातघर और रोडवेज स्टेशन बनेगा
62.33 करोड़ रुपये से बनेगा, वित्त विभाग से अनुमोदन के बाद एक सप्ताह के भीतर इसका शासनादेश होने की संभावना
देवभूमि टुडे
चंपावत। जिला मुख्यालय में सिटी सेंटर का निर्माण होगा। जिला सूचना विभाग के मुताबिक चंपावत के इस सिटी सेंटर में एक छत के नीचे पार्किंग, मार्केट कांप्लेक्स, बारातघर और रोडवेज स्टेशन बनेगा। इसे 62.33 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा। शासन ने इसे मंजूरी दे दी है। वित्त विभाग से अनुमोदन के बाद एक सप्ताह के भीतर इसका शासनादेश होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जून 2023 में चंपावत के रोडवेज स्टेशन में आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग व शॉपिंग कॉम्पलैक्स के निर्माण की घोषणा की थी। इस क्रम में CNDS ने इसकी DPR तैयार की थी। प्रस्तावित सिटी सेंटर में चार मंजिल होंगी। बेसमेंट में 101 चौपहिया पार्किंग व 15 दुपहिये वाहनों की पार्किंग होगी। भू-तल में 15 बसों की क्षमता का स्टेशन, प्रशासनिक भवन, 3 दुकानें, 2 रेस्टोरेंट होंगे। प्रथम मंजिल में चालकों के लिए डॉरमिटरी, 26 दुकानें, 1 रेस्टोरेंट और दूसरी मंजिल में 350 क्षमता का बारातघर, 30 दुकानें, 1 रेस्टोरेंट, 6 गेस्टरूम आदि होंगे। इसका निर्माण पूरा होने पर चंपावत में बेहतर बस स्टेशन, पार्किंग स्थल के साथ ही बारातघर की कमी भी दूर हो सकेगी।
© 2026. All Rights Reserved.