Wednesday Feb 18, 2026

रोडवेज बस स्टेशन के पास से सवारी ढो रहे हैं टैक्सी वाले

ARTO को सौंपा ज्ञापन  मनमानी न रुकने पर दी आंदोलन की चेतावनी

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। रोडवेज बस स्टेशन के आसपास हो रहे अवैध टैक्सी संचालन को हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी प्रशासन नहीं रोक पा रहा है। अवैध संचालन से आक्रोशित रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़े कर्मचारियों ने कोतवाली और आरटीओ कार्यालय में ज्ञापन देकर टैक्सी वाहनों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।

कर्मचारियों का कहना है कि टैक्सी चालक स्टेशन के आसपास अवैध रूप से टैक्सियों का संचालन कर यात्रियों को जबर्दस्ती बैठा रहे हैं। टैक्सी चालक बसों में बैठे यात्रियों को भी उतार कर अपने वाहनों में बैठा रहे हैं। पीलीभीत चुंगी में जबर्दस्ती बसों से सवारियां उतारी जा रही है। इससे निगम की आमदनी भी प्रभावित हो रही है। 

कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें दो महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। इसका एक बड़ा कारण टैक्सियों का अवैध संचालन है। यही हाल लोहाघाट डिपो और चंपावत बस स्टेशन का है। वहां भी स्टेशन के पास टैक्सी संचालक यात्रियों को अपनी टैक्सियों में ले जा रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि शीघ्र इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपाल सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, दिनेश भट्ट, बलदेव प्रसाद, अशोक बोहरा, मुकेश कुमार आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.