Friday Mar 13, 2026

ऑयल मार्केटिंग कंपनी ने गैस सिलिंडर की बुकिंग व डिलीवरी प्रक्रिया में अस्थाई रूप से आंशिक ढील दी

उपभोक्ताओं को फिलहाल बिना OTP और ऑनलाइन बुकिंग के भी मिल सकेगा रसोई गैस सिलिंडर:DM मनीष कुमार

देवभूमि टुडे

चंपावत। रसोई सिलिंडर रिफिल कराने वाले उपभोक्ताओं को अस्थाई रूप से राहत दी गई है।ऑयल मार्केटिंग कंपनी ने सिलिंडर की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया में अस्थाई रूप से आंशिक ढील देने का निर्णय लिया है। DM मनीष कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को फिलहाल बिना OTP और ऑनलाइन बुकिंग के भी रसोई गैस सिलिंडर मिल सकेगा। उपभोक्ताओं को तकनीकी दिक्कतों और असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने वर्तमान में लागू अनिवार्य डिजिटल प्रक्रियाओं में अस्थायी छूट देने का फैसला किया है।

DM मनीष कुमार।

नई व्यवस्था के तहत अब जिले के उपभोक्ता अपने गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए केवल ऑनलाइन माध्यम पर निर्भर नहीं रहेंगे, बल्कि वे सीधे गैस वितरण केंद्र पर जाकर या अपने क्षेत्र के डिलीवरीमैन के माध्यम से मैन्युअल रूप से भी बुकिंग करा सकेंगे। साथ ही डिलीवरी के समय अनिवार्य रहने वाले DAC/OTP Interlock की व्यवस्था को भी फिलहाल अस्थाई तौर पर हटा दिया गया है।

प्रशासन ने कहा कि हालांकि ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली पहले की तरह ही समानांतर रूप से कार्य करती रहेगी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में मानवीय सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मैन्युअल विकल्प को शुरू किया गया है। व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए DM ने सभी SDMऔर तहसीलदारों को गैस वितरण की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। यह विशेष व्यवस्था जिले में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक प्रभावी बनी रहेगी।

इन नंबरों पर की जा सकती है शिकायत:

05965-230703 (टोल फ्री 1077), 7895318895, 7579060090




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.