Sunday Mar 15, 2026

चंपावत जिला प्रशासन के निर्देश

देवभूमि टुडे

चंपावत। बुकिंग और गैस सिलिंडर रिफिलिंग के चलते चंपावत जिले के कई गैस वितरण केंद्रों में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने वितरण प्रणाली में बदलाव किया है। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि अब घरेलू गैस सिलिंडरों का वितरण केवल निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स एवं डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से होगा। इस कदम से लोगों को घर के पास ही सुगम तरीके से गैस सिलिंडर उपलब्ध हो सकेगा।

डीएम मनीष कुमार।

 

प्रशासन ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस सिलिंडर की बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे गैस एजेंसी से बुकिंग करा सकते हैं। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने कहा कि गैस बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को खाली गैस सिलिंडर लेकर एजेंसी या गोदाम पर आने की जरूरत नहीं है, क्योंकि गैस आपूर्ति निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स एवं डोर-टू-डोर प्रणाली से होगी। इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे गैस एजेंसियों एवं गोदामों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ आमजन को जागरूक करते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एजेंसियों में लाइन लगाने से बचाया जा सके।

प्रशासन की अपील:

जारी निदेर्शों का पालन करें, गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स एवं डोर-टू-डोर गैस वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, जिससे जिले में गैस आपूर्ति प्रणाली सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.