Sunday Mar 29, 2026

चंपावत जिला पत्रकार एसोसिएशन सहित कई पत्रकारों ने मुकदमे को गलत और पत्रकारिता पर सीधा हमला बताया

खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग

26 मार्च को चकरपुर में गैस सिलिंडर की जमीनी वस्तुस्थिति की कवरेज की गई थी

देवभूमि टुडे

चंपावत। गैस सिलिंडर की कवरेज करने वाले खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की पत्रकारों ने निंदा की है। विरोध में आज 28 मार्च को चंपावत मोटर स्टेशन रोड पर CZPA (चंपावत जिला पत्रकार एसोसिएशन) के जिलाध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली और जिला महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में मुकदमा दर्ज करने वाले भाजपा नेता हुए पुतला दहन किया गया। पुतला फूंकने वालों में पूर्व जिला महामंत्री सतीश जोशी, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पंकज पाठक, सूरी पंत, बसंत जोशी, राहुल महर, पूर्व पत्रकार संजय भट्ट, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एलएम भट्ट आदि शामिल थे।

चंपावत में पुतला फूंकते पत्रकार।

बाद में CZPA और अन्य पत्रकारों ने DM को ज्ञापन सौंपा। कहा कि चकरपुर में गैस सिलिंडर की जमीनी वस्तुस्थिति बताने पर भाजपा के कुछ नेताओं ने मुकदमा दर्ज कराया है। जो पत्रकार उत्पीड़न के साथ ही वास्तविता से मुंह मोड़ना है। मुकदमा वापस लेने के साथ ही मुकदमा दर्ज करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में CZPA से जुड़े पत्रकारों के अलावा चंद्रशेखर जोशी शामिल थे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार दिनेश चंद्र पांडेय ने भी मुकदमा दर्ज करने की घटना को वास्तविक पत्रकारिता का गला घोंटने जैसा कदम बताया है। DM मनीष कुमार ने इस मामले में ऊधमसिंह नगर के पुलिस अधीक्षक से बात करने का आश्वासन दिया।

ये था मामला:

26 मार्च को रसोई गैस सिलिंडर से संबंधित चकरपुर में की गई कवरेज को सरकार की छवि धूमिल करने और भ्रामक खबर चलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता कमलदीप सिंह राणा ने कोतवाली में तहरीर दी थी। जिस पर 27 मार्च को कोतवाली में पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (1) (बी) मुकदमा दर्ज किया गया था।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.