Friday Apr 3, 2026

डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में संसाधनों की कमी को दूर करने की मांग को फील्ड कर्मियों ने राजधानी में सचिवालय तक कूच किया

समन्वय समिति ने शासन स्तर पर निर्णय के लिए शासन को 15 दिन का समय दिया

देवभूमि टुडे

चंपावत/देहरादून। डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में संसाधनों की कमी और शासन के बढ़ते दबाव के विरोध में फील्ड कर्मी आज 2 अप्रैल को राजधानी देहरादून की सड़कों पर थे। परेड ग्राउंड से सचिवालय तक शांतिपूर्ण कूच किया गया। कृषि, उद्यान, गन्ना एवं राजस्व विभाग की समन्वय समिति के बैनरतले हुए इस 'सचिवालय कूच' में 5 प्रमुख मान्यता प्राप्त संगठनों ने आवाज उठाई। समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह के माध्यम से मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

दून में विरोध जताते कर्मी।

कूच से पूर्व उद्यान एवं कृषि निदेशक की समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता हुई। वार्ता के दौरान समिति ने जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी दी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने विचार करते हुए जायज़ मांगों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। समन्वय समिति का आरोप है कि राजस्व परिषद की कार्ययोजना के अनुरूप धरातल पर फार्मर रजिस्ट्री के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके बावजूद कर्मियों पर वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर जिला स्तरीय अधिकारी दबाव बना रहे हैं।

समिति ने कहा कि कुछ जिलों में प्रतिकूल प्रविष्टि देने और वेतन रोकने जैसे कड़े निर्देश जारी किए गए हैं, जो एकदम गलत होने के साथ ही वार्ता में बनी सहमति के भी विपरीत हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि अन्य राज्यों की तरह डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य प्रति खसरा प्रोत्साहन राशि देकर निजी सर्वेयरों से कराया जाए तथा इसका खर्च केंद्र सरकार वहन करे। समन्वय समिति ने शासन स्तर पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय के लिए शासन को 15 दिन का समय दिया है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडे के संचालन में हुए कूच में रविंद्र चौहान, हर्षदेव जोशी,  पिंकेश रावत आदि की सक्रिय भूमिका रही। समन्वय समिति के मुख्य संयोजक शुभम आर्य (अधीनस्थ कृषि सेवा संघ, उत्तराखंड) के नेतृत्व में संयोजक अर्जुन सिंह परवाल (तकनीकी कर्मचारी संघ, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग), विजयपाल मेहता (पर्वतीय पटवारी संघ, उत्तराखंड), सुरेश चंद्र डबराल (उत्तराखंड गन्ना पर्यवेक्षक संघ) एवं दिनेश प्रसाद सेमल्टी (कृषि कर्मचारी संघ, उत्तराखंड) और सह संयोजक हीरा बल्लभ जोशी, श्याम सिंह, कृष्णपाल चौहान एवं विजय कुमार के अलावा प्रांतीय अध्यक्ष देवेश घिल्ड़ियाल, प्रांतीय महामंत्री मेजर सिंह चौहान एवं देवेंद्र सिंह असवाल सहित विभिन्न घटक संघों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। कूच में चंपावत जिले से पर्वतीय पटवारी संघ के जिला उपाध्यक्ष मोहित मेहता के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक पुष्कर नाथ गोस्वामी सहित 9 कर्मियों ने शिरकत की।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.