जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक में नशे के खिलाफ अभियान में विभागीय समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने पर जोर
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले में हर दूसरे दिन NDPS का एक मुकदमा दर्ज हो रहा है। जिला स्तरीय NCORD (Narco Coordination Centre) समिति की बैठक में SP रेखा यादव ने बताया कि पिछले 24 दिनों में (16 फरवरी से 12 मार्च के बीच) NDPS की धाराओं में 12 मामले पंजीकृत हुए हैं। साथ ही 13 आरोपी जेल भी भेजे गए हैं।
DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार एवं इनके सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि लोगों को नशे के दुष्चक्र से बाहर निकालने के लिए पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा समाज कल्याण विभागों को समन्वय के साथ एक मिशन मोड में कार्य करना होगा।

पुलिस ने बताया कि 16 फरवरी से 12 मार्च के बीच 45.51 ग्राम स्मैक, 118 नशीले इंजेक्शन, 768 नशीले कैप्सूल तथा 3.718 किलोग्राम चरस बरामद की गई। SP ने कहा कि भांग की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। विनिष्टीकरण के बाद पुनः भांग की खेती पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया जाएगा। नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1933 तथा ‘मानस पोर्टल’ का उपयोग करन की अपील की गई।
ड्रग निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि फरवरी में हुए संयुक्त निरीक्षण अभियान के अंतर्गत 29 मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। CCTV कैमरे संचालित नहीं पाए जाने पर 2 मेडिकल स्टोरों के क्रय-विक्रय पर 20 दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, CMO डॉ. देवेश चौहान, जिला आबकारी अधिकारी आरएल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.