जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक
वन भूमि हस्तांतरण मामलों की प्रगति की भी ली जानकारी
देवभूमि टुडे
चंपावत। DM मनीष कुमार ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक ली। इस दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। DM ने नगर निकायों से जुड़े अधिकारियों को सीवरेज व्यवस्था, ठोस कूड़ा निस्तारण, लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।



बैठक में उन्होंने नदी तटीय क्षेत्रों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन से संबंधित विभागीय प्रयासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियांवयन सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। DM ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति, पूर्ण विवरण एवं अभिलेखीय दस्तावेज निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत किए जाएं। कहा कि संवेदनशील मामलों में उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजने से पूर्व सभी तथ्यों की पुष्टि कर ली जाए। विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निस्तारण और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में CMO डॉ. देवेश चौहान, SDO (वन) सुनील कुमार, लोनिवि के EE एमएस पलड़िया, लोहाघाट के हितेश कांडपाल, जिला पंचायत के AMA कमलेश सिंह बिष्ट, चंपावत नगर पालिका के EO भरत त्रिपाठी, लोहाघाट के EO सौरभ नेगी सहित जल संस्थान, जल निगम, PMGSY एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.