जय माता दी... के उद्घोष से सराबोर हुआ मां का धाम
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरि धाम। नवरात्र शुरू होने के साथ ही आज 19 मार्च को मां पूर्णागिरि धाम मेला क्षेत्र-'जय माता दी' के उद्घोष से सराबोर है। मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। भारी भीड़ के चलते सीढ़ियों से मुख्य मंदिर तक करीब 400 मीटर के फासले को तय कर देवी दर्शन करने में 2 घंटे से अधिक का समय लगा। बृहस्पतिवार को पहले दिन अब तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु मां के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। वाहनों का लंबा काफिला रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त था।



नवरात्र के पहले दिन बदायू, बरेली, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत सहित उत्तर प्रदेश व कई अन्य राज्यों के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु देवी दरबार में पहुंचे। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि व्यवस्था को बनाने में मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी मेले की व्यवस्थाओं को मॉनिटर कर रहे हैं। जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, रैनबसेरे, पेयजल, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई है। भारी भीड़ के चलते टनकपुर में भी चहलपहल बढ़ गई है।
© 2026. All Rights Reserved.