Tuesday Mar 17, 2026

चंपावत कलक्ट्रेट में परिजनों संग गरजे ग्रामीण

गांव से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, DM के आश्वासन के बाद माने ग्रामीण

5 मार्च को पार्किंग स्थल के पास  मिला था उमेश का शव, परिजन जता रहे हत्या की आशंका

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत ब्लॉक की ग्राम पंचायत ढकना के 35 साल के उमेश जोशी की संदिग्ध मौत के मामले में परिजन और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गांव से कलक्ट्रेट परिसर तक जुलूस निकालकर धरना प्रदर्शन किया। 

उमेश जोशी। (फाइल फोटो)

मृतक की बहन ममता जोशी ने भाई की संदिग्ध मौत के मामले में एक युवक और उसके कुछ साथियों की गिरफ्तारी और CCTV फुटेज की जांच की मांग की। आरोप लगाया कि मामले में पुलिस उन्हें गुमराह कर रही है। उन्होंने घटना स्थल के आसपास संबंधित स्थानों की पूरी CCTV फुटेज सार्वजनिक करने, आरोपियों के खिलाफ करवाई करने के साथ ही उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। मौके पर पहुंचे तहसीलदार बृजमोहन मोहन आर्या ने उनकी बातों को सुना और समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन और ग्रामीण नहीं माने। इसके बाद DM मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को इंसाफ का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण धरने से उठे।

धरना प्रदर्शन में शांति देवी, मुन्नी देवी, देवकी देवी, गुड्डी देवी, गीता देवी, मंजू देवी, कमला कठायत, सरस्वती, सरस्वती पुनेठा, गंगा भंडारी, मंजू पांडेय, पुष्पा भंडारी सहित कई लोग मौजूद थे। उमेश जोशी 5 मार्च की सुबह को पार्किंग स्थल के पास मृत अवस्था में मिले थे। जिसके बाद से ही परिजन उनकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि वह तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।

चंपावत कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते परिजन और ग्रामीण।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.