Saturday Feb 21, 2026

DM मनीष कुमार ने पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की

950 मीटर लंबे रोपवे में दो ट्रालियां होंगी

पूर्णागििर मेले की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। DM मनीष कुमार ने पूर्णागिरि मंदिर में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्ध क्रियांवयन पर विशेष बल दिया। कार्यदायी संस्था केआर आनंद कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर महेंद्र राठौर ने DM को रोपवे के तकनीकी पहलुओं, संरचनात्मक विशेषताओं एवं वर्तमान प्रगति की जानकारी दी।

बताया कि 950 मीटर लंबे रोपवे में 2 ट्रालियां होंगी। प्रत्येक ट्राली में एक समय में 65 श्रद्धालु सवार हो सकेंगे। यह रोपवे एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक लगभग 250 मीटर की ऊंचाई को मात्र 7 मिनट में पार करेगा। जिससे प्रति घंटे 800 से अधिक श्रद्धालुओं की आवाजाही हो सकेगी। रोपवे के संचालन से हनुमानचट्टी से काली मंदिर तक का 6 किलोमीटर का पैदल एवं सड़क मार्ग कम हो जाएगा। जिससे बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

रोपवे साइट का मुआयना करते DM मनीष कुमार।

परियोजना की विशेषता यह है कि हनुमानचट्टी एवं काली मंदिर टर्मिनल स्टेशनों के मध्य 950 मीटर की पूरी दूरी में किसी प्रकार का पोल नहीं लगाया जाएगा, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यावरणीय संतुलन सुरक्षित रहेगा। जिलाधिकारी ने आवश्यक सामग्री का शीघ्र स्थानांतरण करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने आगामी पूर्णागिरि मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया को बाटनगाड़ क्षेत्र में सड़क सुधारीकरण हेतु विभिन्न विकल्पों पर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ADM केएन गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.