खड़ी होली लोक सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग:CM धामी
चंपावत में खड़ी होली का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्च्युल शुभारंभ
देवभूमि टुडे
चंपावत। काली कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक कला के संरक्षण के उद्देश्य से कलश कला समिति द्वारा आयोजित होली महोत्सव का आज 24 फरवरी को शुभारंभ हुआ। महोत्सव का वर्च्युल शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता पर समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़ी होली उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है। यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ क्षेत्र की होली अनूठी है। खड़ी होली तथा बैठकी होली के आयोजन से उन्हें अपने बचपन की याद आती है। साथ ही उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श एवं श्रेष्ठ जिला बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जिले में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, सड़क निर्माण, ISBT निर्माण, शारदा रिवर फ्रंट डेवेलपमेंट, गोल्ज्यू कॉरिडोर सहित विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गत वर्षों में जिले में रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है, इससे पर्यटन को नई गति मिली है। और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ केंद्रों के विस्तार से महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली है।
दीवान सिंह लडवाल स्टेडियम में दीप प्रज्वलन के साथ 2 दिवसीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। इस दौरान DM मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी दलों के साथ पारंपरिक होली गायन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, मानेश्वर महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामन्त, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रेमबल्लम भट्ट आदि मौजूद थे।




इन 5 टीमों ने गाए होली गीत...
ठाकुर मिलने आए सुदामा, मुट्ठी भर चावल ले आए...
चंपावत। कलश खड़ी होली महोत्सव में आज 24 फरवरी को पहले दिन पांच टीमों ने होली गायन के रंग बिखरे। सनातन धर्म होली समिति अमकड़िया की टीम ने होली निर्देशक गिरीश चंद्र भट्ट और सह निर्देशक के नेतृत्व में इस तरह आगाज किया- शीष राम मथुरा वृंदावन बेच दहिय को कीच मचा गयो कन्हैया... और- सो सुमिरो सीताराम रम भज हरि भज राथे...
होली समिति चंपावत शांत बाजार (भेट्टी) ने निर्देशक मनोज सिंह अधिकारी, रमेश चंद्र जोशी और सह निर्देशक सावित्री मेहता, कमल सिंह महरा के नेतृत्व में- भजु दशरथ नंदन जनक लली, “सैयां घर आए फागुन में... और बलमा घर आए फागुन में... होली गीत प्रस्तुत किए।
आदर्श होली कमेटी छतार ने निर्देशक नवीन चंद्र पंत और सह निर्देशक प्रेमा चिलकोटी व जनार्दन चिलकोटी के नेतृत्व में-ठाकुर मिलने आए सुदामा, मुट्ठी भर चावल ले आए... और ताकड़ थैय्या-थैय्या होत बिंद्रावन में, ताकड़ थैय्या-थैय्या हो… होली गीत से रंग बिखेरे।
होली समिति फोर्ती लोहाघाट ने निर्देशक चंद्रशेखर बगौली और सह निर्देशक महेश सुतेड़ी के नेतृत्व में- तेरे नैन रसीले यार प्रीत लगाले नैनन से... सहित दो होली गीत प्रस्तुत किए।
होली समिति कोलीढेक लोहाघाट ने निर्देशक अल्का ढेक के नेतृत्व में होल्यारों ने-सो सुमिरो सीताराम रमभज हरिभज राधे... सहित दो होली गीत प्रस्तुत किए।




© 2026. All Rights Reserved.