चंपावत की नवागत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पूर्णागिरी मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया
भारत-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र का निरीक्षण भी किया
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरी धाम। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि मां पूर्णागिरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस काम में कतई हीलाहवाली न हो। मेला व्यवस्था के दृष्टिगत आज 3 मार्च को पूर्णागिरी मेला क्षेत्र अंतर्गत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी उपाय करने एवं मेला क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने भी हिदायत दी।




सुरक्षा के मद्देनजर ठुलीगाड़, भैरवमंदिर और कालीमंदिर क्षेत्र में अस्थाई थाने बनाए गए हैं। SP ने फायर सीजन के दृष्टिगत अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लेते हुए अधिकारी-कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों को घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन के मुताबिक पूर्णागिरी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 27 फरवरी से शुरू मेला 15 जून तक चलेगा। कल 4 मार्च को होली के बाद से पूर्णागिरी धाम में श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में आने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त SP यादव ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित थाना बनबसा बैराज चौकी और शारदा नदी में स्थित घाटों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में SP के साथ टनकपुर की CO वंदना वर्मा और अन्य पुलिस अधिकारी भी थे।
© 2026. All Rights Reserved.