बीस सूत्रीय कार्यक्रम में जुलाई 2025 से लगातार नंबर वन
उत्तराखंड में पौढ़ी सबसे फिसड्डी
देवभूमि टुडे
चंपावत। बीसूका (बीस सूत्रीय कार्यक्रम) में चंपावत जिले ने लगातर छठें महीने अपने शीर्ष क्रम को बरकरार रखा है। जुलाई 2025 से लगातार छठे माह जनवरी 2026 में भी चंपावत ने उत्तराखंड में पहला स्थान बरकरार रखा है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि जून में चौथे स्थान पर रहने वाला चंपावत जिला जुलाई से लगातार छठें महीने पहले स्थान पर रहा। जुलाई से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चंपावत नंबर वन बना है। उसे कुल 129 अंकों में से 122 अंक (99.19%) प्राप्त हुए है।

पिछले साल जून से चंपावत के DM की जिम्मेदारी संभाल रहे IAS अधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व और सतत निगरानी से ये नतीजा आया है। अर्थ एवं संख्या निदेशालय, नियोजन विभाग और उत्तराखंड शासन द्वारा जारी जनवरी माह के क्रमिक प्रतिवेदन के अनुसार चंपावत जिले को कुल 40 रैंकिंग मदों में से सर्वाधिक 39 मदों में श्रेणी 'A' (100 प्रतिशत उपलब्धि) मिली है। जबकि 1 मद में श्रेणी 'B' श्रेणी मिली है। चंपावत के बाद 97.44% के साथ बागेश्वर दूसरे व 94.31% के साथ ऊधमसिंह नगर तृतीय स्थान पर रहा। पौढ़ी 73.50% के साथ सबसे फिसड्डी रहा।
DM मनीष कुमार ने बीसूका में इस शानदार उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। साथ ही विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियांवयन के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर पर बैठे लोगों तक समय पर पहुंचे।

© 2026. All Rights Reserved.