Thursday Apr 23, 2026

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय की अध्यक्षता में हुई चंपावत नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 6 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा हुई

जनगणना कार्यक्रम के लिए नगर के 9 वार्डों को 23 ब्लॉक में बांटा गया 

4 मई से चंपावत में होने वाले गोल्ज्यू महोत्सव के कार्यक्रमों पर मंथन हुआ

देवभूमि टुडे

चंपावत। इंसाफ के देव गोरलदेव की धरती चंपावत में गोल्ज्यू महोत्सव 4 मई से होगा। आज 6 अप्रैल को नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी के संचालन में हुई बैठक में महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। 10 दिनी महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा व्यापारिक गतिविधियां भी होंगी।

चंपावत नगर पालिका बोर्ड बैठक।

बोर्ड बैठक में नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था को संवारने के लिए पोल, तार, बिजली के अलावा CCMS (केंद्रीयकृत नियंत्रण एवं प्रबंधन सिस्टम) आधारित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए शासन में DPR भेजी गई है। भविष्य निधि पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराने वाले पालिका के ठेकेदारों का पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।

जनगणना कार्यक्रम के लिए नगर के 9 वार्डों को 23 ब्लॉक में बांटा गया है। प्रगणकों की तैनाती कर दी गई है। मुख्य बाजार क्षेत्र के फ्रंट को पर्वतीय शैली में खूबसूरत बनाने पर चर्चा की गई। इस प्रस्ताव पर सभी संबंधित पक्षों से मंथन करने के बाद  शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बैठक में गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना सहित नगर विकास से संबंधित कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

मौजूद थे ये सभासद:

सभासद प्रेमा चिल्कोटी, मणिप्रभा तिवारी, पूजा वर्मा, बबीता प्रहरी, रोहित बिष्ट, नंदन सिंह तड़ागी, गौरव कलौनी और दिनेश बर्दोला।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.