जिले की सबसे बड़ी नगरपालिका टनकपुर ने नुक्कड़ नाटकों से लोगों को प्रेरित किया
'सफाई की प्रवृत्ति से संवरती है सेहत'
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका टनकपुर को CLEAN CITY GREEN CITY बनाने के लिए आम लोगों को सहभागी बनाने, उन्हें प्रेरित करने के लिए नई विधा का सहारा लिया जा रहा है। EO ऋषभ उनियाल ने जन सहभागिता के लिए नुक्कड़ नाटक को नया हथियार बनाया है। कहा कि सफाई की प्रवृत्ति सेहत को संवारने और अनेकों रोगों से बचाव का भी आसान उपाय है।
नगर पालिका ने कल 25 मार्च को जन चेतना कला मंच के सहयोग से टनकपुर के विभिन्न क्षेत्रों—शारदा घाट, चड्डा चौराहा, पंडा चौराहा (पूर्णागिरी मिष्ठान भंडार), रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं कार्की फार्म में सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक किए।
इन नुक्कड़ नाटकों के जरिए कलाकारों ने स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे आम सरोकार वाले विषयों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बच्चों, नौजवानों एवं व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा ले स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।



'स्वच्छता सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, आदत भी बनें'
अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी आदत भी होनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि घर और बाहर के कूड़े को गीला व सूखा अलग-अलग करके निस्तारित करें। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग बढ़ाएं। अपने आसपास सफाई बनाए रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। एक छोटा प्रयास मिलकर हमारे नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बना सकता है। इसके लिए जरूरी है कि हम सभी मिलकर अपने नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।

© 2026. All Rights Reserved.