Monday Mar 2, 2026

रविवार मध्यान्ह 12 बजे बाराकोट के जंगल में किया हमला

बाराकोट के कांडा तोक की तुलसी देवी साथी महिलाओं के साथ जंगल गई थी

शोरगुल करने पर भागा गुलदार

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। बाराकोट से लगे जंगल में घास काटने गई महिला पर आज 1 मार्च को

गुलदार ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। साथ में गई महिलाओं के शोर मचाने पर महिला को छोड़कर गुलदार जंगल की ओर चला गया। घायल महिला को डोली के सहारे सड़क तक लाने के बाद आपात सेवा 108 की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। परिजन महिला को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में ले गए है। 

 

बाराकोट गांव के कांडा तोक निवासी तुलसी देवी (52) पत्नी जीतराम गांव की अन्य  महिलाओं के साथ घास काटने के लिए जंगल में गई थी मध्यान्ह करीब 12 बजे घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। साथी महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर चला गया। जंगल से जान बचाकर भागी साथी महिलाओं ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को जंगल से डोली के सहारे सड़क तक लाए। जहां से उन्हें लोहाघाट उप जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के चेहरे और गले में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार जोशी ने घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में घायल महिला का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। बाराकोट क्षेत्र में इससे पहले भी गुलदार के हमले के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.