चंपावत में भाजपा का जनाक्रोश सम्मेलन
कहा-विपक्ष की नकारात्मक राजनीति ने देश की महिलाओं के अधिकारों पर किया सीधा प्रहार
देवभूमि टुडे
चंपावत। कांग्रेस महिला विरोधी है, इसे उसने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लिए संसद के विशेष सत्र में लाए गए 131वें संविधान संशोधन विधेयक का विरोध कर प्रदर्शित किया। महिलाएं और अन्य लोग कांग्रेस के इस बर्ताव का विरोध करेगी। चुनाव में करारा जवाब देगी। ये तमाम बातें आज 29 अप्रैल को भाजपा के जिला कार्यालय में हुए जनाक्रोश सम्मेलन में वक्ताओं ने कही। मुख्य वक्ता उत्तराखंड आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश की आधी आबादी कांग्रेस की करतूत को अब सब समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी।
मेहरा ने कहा कि विपक्ष की नकारात्मक और स्वार्थपूर्ण राजनीति ने देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों पर सीधा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जो दल वर्षों से महिला सशक्तिकरण के नाम पर राजनीति करते रहे, वहीं निर्णायक घड़ी में अपने असली चेहरे के साथ सामने आ गए। कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के तमाम दलों ने 131वें संविधान संशोधन विधेयक का विरोध कर साबित कर दिया कि उन्हें महिलाओं के अधिकारों से नहीं, सिर्फ सत्ता की सियासत से सरोकार है।




वक्ताओं ने इसे आधी आबादी के सपनों की निर्मम हत्या करार देते हुए कहा कि विधेयक महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई थी, जिसे विपक्ष ने जानबूझकर कुचलने का काम किया है। वक्ताओं ने दावा किया है कि भाजपा हमेशा महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित रही है, लेकिन विपक्ष की संकीर्ण सोच इस रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन गई है। मेहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बने हालात पर सरकार द्वारा विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव लाने के निर्णय का समर्थन करते हुए विपक्ष के रूख को महिलाओं के खिलाफ साजिश बताया।
इससे पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। दर्जा मंत्री हेमा जोशी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल व रेखा बोरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, सुनीता मुरारी, रेखा भट्ट, सरोज चंद्र, पूर्व पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, सभासद मणिप्रभा तिवारी, सुनीता जुकरिया, गीता देवी, कुसुम जोशी, उर्वशी मेहता, अनीता यादव, रुचि धस्माना, किरन पंगरिया, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय व मुकेश महाराना, जिला महामंत्री पूरन मेहरा, निर्मला पांडेय आदि मौजूद थे।


© 2026. All Rights Reserved.