बाल श्रम में लिप्त बच्चों को चिन्हित कर शिक्षा से जोड़ें
चंपावत में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में बाल श्रम एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा
DM ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए
देवभूमि टुडे
चंपावत। बाल श्रम उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में DM मनीष कुमार ने जिले में बाल श्रम की रोकथाम, बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा चाइल्ड एंड एडोलेसेंट (बाल एवं किशोर) से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कहा कि बाल श्रम में संलिप्त पाए जाने वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उनके परिवारों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार सभी विकासखंडों और निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी बाल श्रम न हो। श्रम विभाग को भी निर्देश दिए कि जिन बच्चों का रेस्क्यू एवं पुनर्वास किया जा चुका है, उनकी नियमित ट्रैकिंग की जाए। साथ ही उनकी वर्तमान शैक्षिक एवं सामाजिक स्थिति का सत्यापन किया जाए। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी आरपी बिष्ट, श्रम विभाग से देवेश पंत, जिला टास्क फोर्स समिति के सदस्य व संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.