'5-डे वर्क वीक' की मांग को लेकर आज एक दिन हड़ताल पर रहेंगे सार्वजनिक बैंकों के अधिकारी-कार्मिक, सिर्फ निजी बैंकों और सहकारी बैंकों में हड़ताल नहीं
बैंकों से नकदी जमा और निकासी नहीं कर सकेंगे लोग, अलबत्ता खुले रहेंगे ATM
देवभूमि टुडे
चंपावत। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की आज 27 जनवरी मंगलवार को देशभर में हड़ताल है। UFBU (यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस) '5-डे वर्क वीक' (सप्ताह में पांच कार्य दिवस) की मांग को लेकर आज मंगलवार को हड़ताल पर है। इस आह्वान का असर चंपावत जिले पर भी पड़ेगा। 24 जनवरी को चौथा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कारण बैंक पहले ही बंद थे, इसलिए मंगलवार की इस हड़ताल से शाखा स्तर की सेवाएं लगातार चौथे दिन बाधित रहेंगी। इस कारण ग्राहक न नकदी जमा करा सकेंगे और नहीं निकासी जमा करा सकेंगे।
लीड बैंक प्रबंधक अमर सिंह ग्वाल का कहना है कि चंपावत जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 40 शाखाओं में काम पर असर पड़ेगा। निजी बैंकों और सहकारी बैंकों को छोड़ सभी बैंक हड़ताल में शामिल हैं। सरकारी बैंकों की इन शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होंगे। ATM खुले रहेंगे। अलबत्ता नेट बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से काम करेंगी।
9 बैंक यूनियनों के प्रमुख संगठन UFBU ने 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई सुलह बैठक के बेनतीजा रहने के बाद हड़ताल का निर्णय लिया था। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन के मुताबिक तमाम चर्चा के बावजूद उनकी मांगों पर कोई आश्वासन नहीं मिला, जिस वजह से उन्हें हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वर्तमान में बैंकों में हर माह सिर्फ दो (दूसरे व चौथे) शनिवार छुट्टी रहती है। यूनियन की मांग है कि प्रत्येक शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडरेशन के अनुसार, मार्च 2024 में हुए वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंकस एसोसिएशन और यूनियनों के बीच प्रत्येक शनिवार को छुट्टी घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने अभी तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं की है।
कर्मचारी यूनियनों का तर्क है कि उनका आंदोलन ग्राहकों के खिलाफ नहीं है। काम के घंटों का कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि कर्मचारी इस अवकाश के ऐवज में सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना अतिरिक्त काम करने पर सहमत हैं।
© 2026. All Rights Reserved.