ट्रायल होने के बाद भी आज गणतंत्र दिवस पर चंपावत के गांधी चौक में 100 फुट ऊंचाई पर नहीं फहराया जा सका राष्ट्रीय ध्वज
जिला विकास प्राधिकरण मद से 23.90 लाख रुपये से निर्मित हुआ है खूबसूरत 100 फुट ऊंचा टावर
देवभूमि टुडे
चंपावत। आज सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस देशभर में उल्लास से मनाया गया। उम्मीद थी कि चंपावत के गांधी चौक में 100 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए, लेकिन ऐसा हो न सका। यहां ध्वज फहराने के लिए अभी कुछ इंतजार करना होगा।
चंपावत के गांधी चौक में 100 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के लिए कुछ दिनों पूर्व बड़ा टावर स्थापित किया गया था। जिला विकास प्राधिकरण मद से 23.90 लाख रुपये से निर्मित इस खूबसूरत टावर में तिरंगा फहराया जाना है। 100 फुट ऊंचे टावर के शिखर पर लाइट के अलावा चारों तरफ 5 मीटर के दो और 3 मीटर के 4 पोल से विद्युतीय सजावट से इसकी खूबसूरती में चार चांद लग रहे हैं। 20 जनवरी को 100 फुट ऊंचे टावर में राष्ट्रीय ध्वज को फहराने का ट्रायल और तकनीकी परीक्षण भी हुआ था, लेकिन गणतंत्र के पावन मौके पर आज तिरंगा नहीं फहराया जा सका। जरूर 100 फुट ऊंचे टावर के समीप तिरंगा फहराया गया।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंदीप सिंह ढेक सहित कई नागरिकों का कहना है कि गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रीय झंडे को फहराया जाना चाहिए था। ऐसा न होना ठीक नहीं है।

क्या कहते हैं अधिकारी:
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी का कहना है कि गणतंत्र दिवस पर गांधी चौक में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। जल्द ही 100 फुट ऊंचे टावर पर राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

© 2026. All Rights Reserved.