चंपावत के SDM अनुराग आर्य को टनकपुर का अतिरिक्त दायित्व
पाटी के SDM नीतू डांगर को एक साल से लोहाघाट का अतिरिक्त जिम्मा
CM धामी के जिले में SDM के 2 पदों सहित कई विभागों के मुखियाओं के पद खाली
देवभूमि टुडे
चंपावत। आदर्श जिले चंपावत की प्रशासनिक व्यवस्था आदर्श नहीं है, कम से कम मानव संसाधन की दृष्टि से तो ऐसा कहा जा सकता है। चंपावत जिले में SDM के 50% पद खाली हैं। ऐसे में दो तहसीलों की जिम्मेदारी दूसरी जगहों के SDM को दी गई है।
पूर्णागिरि (टनकपुर) के SDM आकाश जोशी का 18 जनवरी को हरिद्वार स्थानांतरण हो गया। 20 जनवरी को वे कार्यमुक्त भी हो गए। लेकिन उनके स्थान पर शासन ने किसी की तैनाती नहीं की। ऐसे में काम चलाने के लिए टनकपुर के SDM का अतिरिक्त जिम्मा 75 KM दूर चंपावत के SDM अनुराग आर्य को दिया गया है। जिले के प्रवेशद्वार वाले मैदानी क्षेत्र टनकपुर में रोजमर्रा के कामकाज की अधिकता के अलावा 27 फरवरी से पूर्णागिरि मेले की व्यवस्था का भी जिम्मा रहता है।
वहीं लोहाघाट की SDM की कुर्सी जनवरी 2025 से खाली है। अलबत्ता यहां की व्यवस्था का अतिरिक्त जिम्मा तब से 25 KM दूर पाटी की SDM नीतू डांगर को दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का निर्वाचन क्षेत्र भी चंपावत है। विकास में रफ्तार भरने के दावे हैं। लेकिन चंपावत जिले में सरकारी विभागों में अधिकारियों की कमी नई तरह की चुनौतियां पेश कर रही है। वहीं DM मनीष कुमार का कहना है कि SDM सहित चंपावत जिले में रिक्त सभी पदों में तैनाती के लिए शासन और संबंधित विभागों के निदेशालयों को पत्र भेजा गया है। टनकपुर में जल्द ही नए SDM को भेजे जाने के उम्मीद है। साथ ही प्रशासनिक कामकाज पर असर न पड़े, इसके लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।

कई अन्य विभागों के अफसरों की भी है कमी
चंपावत जिले में दो उप जिलाधिकारियों की ही कुर्सी खाली नहीं है, बल्कि कई अन्य विभागों के पद भी रिक्त हैं। वन, उद्योग, खेल, PRD सहित कई विभागों के मुखियाओं की कुर्सी काफी वक्त से खाली है।
वन महकमे के जिले के सर्वोच्च अधिकारी DFO की कुर्सी अक्टूबर से खाली है। चंपावत वन प्रभाग के 2 SDO के स्थान पर तैनाती 1 में ही है। जिला खेल अधिकारी की कुर्सी 2024 के आखिर से रिक्त है। जिला युवा कल्याण अधिकारी का पद डेढ़ साल से खाली है। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक की जिम्मेदारी 200 किमी दूर ऊमधमसिंह नगर जिले के अधिकारी के जिम्मे है। होमगार्डस के कमांडेंट की कुर्सी भी लंबे समय से खाली है। पंचस्थानी निर्वाचन विभाग में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी DPRO को दी गई है।

© 2026. All Rights Reserved.