Wednesday Feb 4, 2026

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मियों को नवंबर 2025 से नहीं मिला मानदेय

जनवरी 2025 से जमा नहीं हुई EPF की राशि

आउटसोर्स कंपनी पर कार्रवाई करने की मांग भी की

आउटसोर्स कर्मियों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को दिया ज्ञापन

देवभूमि टुडे

चंपावत। NHM (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के तहत जिले में आउटसोर्स कंपनी विजिलेंट सिक्योरिटी, प्लेसमेंट एंड डिटेक्टिव सर्विस के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी बीते दो माह से मानदेय के लिए तरस रहे हैं। इससे परेशान कर्मियों ने कैबिनेट मंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

NHM कर्मचारी संगठन ने कहा कि नवंबर 2025 से मानदेय नहीं मिलने से कार्मिक आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। ज्ञापन में कहा गया कि मानदेय नहीं मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। बच्चों की शिक्षा, आवास और चिकित्सा जैसे जरूरी खर्चों का वहन करना भी मुश्किल हो रहा है। 

कर्मचारियों ने कहा कि जनवरी 2025 से कर्मचारियों का EPF भी नियमित रूप से जमा नहीं किया गया। जबकि नियमों के अनुसार EPF हर माह जमा कराया जाना अनिवार्य है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पूर्व में संगठन ने प्रशासन के जरिए आउटसोर्स कंपनी को पत्राचार भी किया था, लेकिन अब तक न तो संतोषजनक जवाब मिला और नहीं भुगतान की स्थिति स्पष्ट हुई। संगठन ने इसे कर्मचारियों के साथ नाइंसाफी बताते हुए शीघ्र मानदेय निर्गत करने और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति न बने, इसके लिए आउटसोर्स कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। 17 जनवरी को मंत्री को ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष चंद्रमोहन लडवाल, महासचिव दिनेश चंद्र थ्वाल आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.