Wednesday Feb 4, 2026

नरसिंह डांडा गांव में आयोजित  रात्रि चौपाल में DM मनीष कुमार ने दिए निर्देश

इंटर कॉलेज, अंबेडकर भवन, बारातघर, दो ज्ञान सेतु, ओपन जिम, पंचायत घर की मरम्मत, तारबाड़ व पेयजल समस्या के समाधान की उठी मांग पर आज से ही काम शुरू करने की अधिकारियों को हिदायत दी

देवभूमि टुडे

चंपावत। नरसिंह डांडा गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने गांव में भूमि संबंधी समस्याओं को प्रमुख रूप से उठाया। गांव में इंटर कॉलेज, अंबेडकर भवन, बारातघर, दो ज्ञान सेतु, पंचायत घर की मरम्मत, तारबाड़ और पेयजल समस्या के समाधान की मांग रखी गई। जिस पर DM मनीष कुमार ने शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का मातहतों को निर्देश दिया।

नरसिंह डांडा में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते DM मनीष कुमार।

DM ने इन सभी मामलों में कार्यवाही करने के SDM को निर्देश दिए। ग्रामीणों की ओपन जिम एवं खेल मैदान की मांग पर DM ने BDO को तत्काल कार्यवाही शुरू करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को आज 18 जनवरी को स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस तरह गांव में लाइब्रेरी के निर्माण की भी कवायद शुरू करने को कहा गया है।

चौपाल के दौरान DM ने आपदा से प्रभावित विनोद कुमार, ललित कुमार सहित अन्य ग्रामीणों को हुए नुकसान का आकलन कर सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। नवीन कुमार की पत्नी के आवास को भू-कटाव से हुए नुकसान की शिकायत पर SDM को बुधवार तक रिपोर्ट तैयार करने और परिवार को तत्काल सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने अथवा आवास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुष्पा देवी को प्राथमिकता के आधार पर गौशाला उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। 63 वर्षीय लक्ष्मी दत्त की वृद्धावस्था पेंशन नहीं लगने की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी को सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर पेंशन चालू करने एवं उन्हें सूचित करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायतों पर DM मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को गांव में शिविर लगाकर अथवा वाहन की व्यवस्था कर पात्र व्यक्तियों के जिला मुख्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए। इस दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल भी दिए गए।

17-18 जनवरी की रात लगी चौपाल में ग्राम प्रधान चंचला देवी, SDM अनुराग आर्या, BDO अशोक अधिकारी सहित अधिकारी-कर्मी एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.