खेल मंत्री रेखा आर्या ने निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के काम में किसी भी स्तर पर भी हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के छमनिया में 237 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये बात आज 16 जनवरी को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान कही। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।




मंत्री ने कहा कि लोहाघाट का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज आने वाले समय में उत्तराखंड के लिए खेलों का पावर हाउस बनेगा और इससे प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ मिलेंगी। इससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होने महिला स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, अन्य खेल मैदान, खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर एवं एडमिन ब्लॉक की प्रगति की समीक्षा की। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, 300 बालिकाओं की क्षमता वाले तीन छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, मल्टीपर्पज हॉल, एडमिन ब्लॉक, एकेडमिक ब्लॉक, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने तैयार हो चुके सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया और अभ्यास कर रही महिला खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, सुभाष बगोली, DM मनीष कुमार, CDO डॉ. जीएस खाती, SDM नीतू डांगर, सहायक खेल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, चंद्रशेखर ओली सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.