चंपावत में नशा समन्वय समिति की बैठक में नशा उन्मूलन के लिए विभागीय समन्वय एवं जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर
नशीली दवाओं के अवैध उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए
2025 में NDPS ऐक्ट में 144 अभियुक्तों से ₹17.70 करोड़ की मादक पदार्थों की बरामदगी हुई
शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभागों को नशा मुक्ति से संबंधित पोस्टर अभियान, नुक्कड़ नाटक, रैली एवं कार्यशालाएं नियमित रूप से
करने के निर्देश दिए
देवभूमि टुडे
चंपावत। DM मनीष कुमार ने बनबसा, देवीधुरा सहित अन्य प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर मेडिकल स्टोरों में निरीक्षण को बढ़ाने पर जोर दिया। NCORD (नशा समन्वय समिति) की बैठक में उन्होंने नशीली दवाओं के अवैध उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।
DM ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग केवल पुलिस विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने CEO एमएस बिष्ट को विद्यालयों में एंटी ड्रग समितियों
को सशक्त करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके। DM ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभागों को नशा मुक्ति से संबंधित पोस्टर अभियान, नुक्कड़ नाटक, रैली एवं कार्यशालाएं नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए समुचित चिकित्सा एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को पुनः समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके। SP अजय गणपति ने भांग की अवैध खेती को नष्ट करने के लिए पुलिस एवं कृषि विभाग के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, नियमित छापेमारी, मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में NDPS ऐक्ट के अंतर्गत 90 अभियोग पंजीकृत किए गए। जिनमें 144 अभियुक्तों से विभिन्न मामलों में लगभग ₹17.70 करोड़ की मादक पदार्थों की बरामदगी की गई। अवैध भांग की खेती के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 में जिले में 1211 नाली क्षेत्रफल में उगाई गई फसलों को नष्ट किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी नीतू डागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.