स्मार्ट मीटर के बाद आए बिजली बिल से सकते में 70 साल के बुजुर्ग दिनेश चंद्र शास्त्री
कहा-बिल संशोधन न हुआ तो तीन विकल्प कनेक्शन कटवाने, मकान बेच बिल चुकाने या आत्महत्या करने का
स्मार्ट मीटर से पहले 400 रुपया महीने से कम बिल और अब 800% से ज्यादा बिल आया
SDM को ज्ञापन भेज समाधान की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। अकेले रह रहे 70 साल के बुर्जुग का बिजली का स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह पहला बिल नहीं था, मगर इस पांचवें बिल ने उनके होश उड़ा दिए। पहले कभी बिल 400 रुपये से ज्यादा नहीं आया, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हालिया बिल 800% से ज्यादा आया। सकते में आए वृद्ध व्यक्ति ने आज 13 जनवरी को टनकपुर के SDM को ज्ञापन भेज बिल ठीक करवाने की मांग की है। कहा कि उन्होंने न तो इतनी बिजली बिल का उपयोग किया है और नहीं इस रुपये को चुकाने की उनकी हैसियत है। समाज कल्याण पेंशन से वे भरण-पोषण कर रहे हैं।
ज्ञापन में बुजुर्ग ने कहा कि अगर बिल में संशोधन नहीं होता है, तो उनके पास तीन विकल्प है। कनेक्शन कटवाने, मकान बेच बिल चुकाने या आत्महत्या करने। ज्ञापन में उन्होंने इंसाफ की मांग की है।

टनकपुर के वार्ड नंबर 9 के निवासी 70 वर्षीय दिनेश चंद्र शास्त्री का आरोप है कि उनका बिजली का बिल 3556 रुपये आया है। जबकि स्मार्ट मीटर से पहले का आखिरी बिल 380 रुपये आया था। उनके घर में न एसी चलता है न हीटर। ऐसे में बिल की यह राशि मीटर रीडिंग में त्रुटि या किसी अन्य गड़बड़ी की वजह से हो सकती है। एसडीएम को भेजे पत्र में उन्होंने इंसाफ की मांग की है।
बुजुर्ग शास्त्री का कहना है कि इस ज्ञापन से पूर्व उन्होंने यह समस्या टनकपुर के उप खंड अभियंता को भी बताई, लेकिन समाधान न हो सका। इस संबंध में UPCL के चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया और टनकपुर के उप खंड अभियंता मयंक भट्ट से उनका पक्ष जानना चाहा, लेकिन किसी भी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका।

© 2026. All Rights Reserved.