उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने पत्रकार वार्ता में लगाया आरोप
कहा-विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करेंगे
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। UKD (उत्तराखंड क्रांति दल) के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि 25 साल के उत्तराखंड में 15 साल भाजपा और 10 साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन दोनों सरकारों ने जन भावनाओं का मखौल उड़ाया है। इससे न लोगों की अपेक्षाएं पूरी हुई और राज्य बनने की अवधारणा ही पूरी हो सकी। अब प्रदेश के लोगों की आस सिर्फ UKD है। आज 12 जनवरी को चंपावत पर्यटक आवास गृह में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पार्टी परिसीमन गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने, भू-कानून, मूल निवासी सहित तमाम जन मुद्दों को प्रभावी ढंग से लोगों के बीच ले जा रही है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती से लड़ेगी और भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी।

केंद्रीय अध्यक्ष कुकरेती ने आरोप लगाया कि सरकार अंकिता भंडारी मामले के पूरे सच को सामने लाने में अड़ंगा लगा रही है। जन दबाव में CBI जांच की संस्तुति तो की गई है, लेकिन उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में जांच कराने के लिए राजी नहीं है। उन्होंने काशीपुर के किसान सुखबीर सुबविंदर सिंह के आत्महत्या को भयावह बताते हुए कहा कि इसने प्रदेश के भ्रष्टाचार और किसानों की बदहाली को चौराहे पर ला दिया है।
इससे पहले जिलाध्यक्ष दीपेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को सशक्त करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने का आह्वान किया गया। बैठक में भुवन जोशी, कुंदन सिंह बिष्ट, पंकज व्यास, बहादुर सिंह रावत, गणेश काला, एसएस नेगी, एनडी तिवारी, राजेंद्र खारवाल, प्रताप चौहान, भुवन सिंह बिष्ट, जय शंकर व्यास विपिन शर्मा, योगेश जोशी, ओम प्रकाश जोशी, बसंत तड़ागी, नारायण सिंह महर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.